रीवा: जलभराव से आक्रोशित लोगों ने हाइवे जाम किया
रीवा। शहर के वार्ड क्रमांक 15 में जलभराव से परेशान लोगों का सब्र शनिवार सुबह टूट गया। उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर धरना दे दिया, जिससे हाइवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड में बने नाले का लेआउट सही नहीं होने से पानी नहीं निकल पा रहा था। इसी दौरान सीवर लाइन का काम चल रहा था, जिस कारण कंपनी ने नाले को भी बंद कर दिया। नतीजा यह हुआ कि बारिश का पानी घरों में घुस गया और सड़कें तलैया में तब्दील हो गईं। नगर निगम एवं प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद धरना करीब 11 बजे समाप्त हुआ। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र समस्या निवारण की मांग की है।