*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक : 29 अगस्त 2026
*एनीमिया मुक्त भारत अभियान की समीक्षा, शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश*
आज दिनांक 29 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित एनीमिया मुक्त भारत अभियान की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत जिले में किए जा रहे कार्यों, निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध प्रगति तथा विभिन्न स्वास्थ्य मानकों की उपलब्धि की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि एनीमिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए संचालित सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्क्रीनिंग, आयरन-फोलिक एसिड की उपलब्धता एवं वितरण, उपचार, फॉलोअप तथा जन-जागरूकता से संबंधित निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं एवं पोषण संबंधी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
1 *सितंबर से एनसीडी कैंपेन की तैयारी की समीक्षा, लक्ष्य आधारित कार्ययोजना पर जोर*
बैठक में आगामी 1 सितंबर 2026 से प्रारंभ होने वाले एनसीडी (Non-Communicable Diseases) कैंपेन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अभियान के दौरान गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, संभावित मरीजों की पहचान, आवश्यक जांच, उपचार एवं रेफरल की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि एनसीडी कैंपेन के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करते हुए चिन्हित मरीजों का नियमित फॉलोअप किया जाए। अभियान से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं कर्मी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए प्रत्येक स्तर पर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar