प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
*खेल दिवस पर मधेपुरा में गूंजा खेल भावना का उत्साह, कबड्डी एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन*
मधेपुरा, 29 अगस्त 2026। खेल विभाग एवं जिला प्रशासन, मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को बी.पी. मंडल इंडोर स्टेडियम, मधेपुरा में महान हॉकी खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में कबड्डी एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी-सह-उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा, सुश्री आम्रपाली कुमारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के उपरांत नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने अद्भुत खेल कौशल और प्रतिभा के बल पर देश को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। खेल के क्षेत्र में उनके द्वारा स्थापित आदर्श और बनाए गए रास्ते आज भी खिलाड़ियों को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
*खेल से स्वस्थ शरीर और सशक्त समाज का निर्माण : जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी*
प्रतियोगिता के उपरांत विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अनंत कुमार ने कहा कि मानव जीवन में खेलकूद का महत्वपूर्ण स्थान है। नियमित खेलकूद से शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और व्यक्तित्व अनुशासित बनता है। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद की खेल प्रतिभा और उपलब्धियां देश के खिलाड़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी। आज देश के युवा उनके पदचिह्नों पर आगे बढ़ते हुए खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के कबड्डी बालक वर्ग में बिहारीगंज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 27 अंक प्राप्त कर विजेता कप पर कब्जा जमाया, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय, सिंहेश्वर की टीम 22 अंक प्राप्त कर उपविजेता रही।
वहीं वॉलीबॉल बालिका वर्ग में शिवनंदन प्रसाद +2 विद्यालय की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि जगजीवन आश्रम, मधेपुरा की टीम उपविजेता रही।
कार्यक्रम का संचालन बिहार राज्य कबड्डी संघ रेफरी बोर्ड के संयोजक-सह-शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक श्री अरुण कुमार ने किया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में मधेपुरा जिला कबड्डी संघ के सचिव श्री रौशन कुमार, वॉलीबॉल प्रशिक्षक श्री प्रदीप कुमार सिंह, खेल शिक्षा से जुड़े श्री राकेश कुमार, कार्यालय लिपिक श्री संतोष कुमार, कार्यपालक सहायक श्री रतनेश कुमार, श्री अंकित कुमार, श्री सुगंध कुमार, श्री रवि कुमार सहित अन्य कर्मियों एवं खेल से जुड़े पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण एवं अग्रणी भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने जिले के युवा खिलाड़ियों में खेल के प्रति उत्साह, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को मजबूत किया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar