#ईमानदारी_की_मिसाल_पेश_की..
भरतपुर। कलयुग के इस दौर में जहां चंद रुपयों के लिए बड़ी से बड़ी वारदातें हो जाती है, वहीं भरतपुर में दो युवकों ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी शहरभर में सराहना हो रही है। गंगा मंदिर स्थित श्री जी ऑप्टिकल्स के संचालकों गौरव राजपूत और सौरभ राजपूत ने एक महिला का करीब 40 हजार रुपए मूल्य का सोने का कुंडल सुरक्षित लौटाकर सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों का परिचय दिया। पुष्पवाटिका कॉलोनी निवासी सुधा पत्नी श्यामवीर ने बताया कि कुछ दिन पहले वह चश्मा बनवाने के लिए गंगा मंदिर स्थित श्री जी ऑप्टिकल्स पर गई थीं। इसी दौरान उनका करीब तीन तोले वजन का सोने का कुंडल कहीं गिर गया। घर पहुंचने के बाद उन्हें कुंडल गायब होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने कई स्थानों पर तलाश की, लेकिन कुंडल नहीं मिला। इस कारण वह पिछले कई दिनों से काफी परेशान थीं। शुक्रवार को सुधा अपने पति के साथ श्री जी ऑप्टिकल्स पहुंचीं और दुकान संचालकों से कुंडल के बारे में जानकारी ली। इस पर गौरव राजपूत और सौरभ राजपूत ने बताया कि उन्हें दुकान पर एक सोने का कुंडल मिला था, जिसे उन्होंने सुरक्षित संभालकर रखा हुआ था। महिला की पहचान सुनिश्चित करने के बाद दोनों संचालकों ने कुंडल उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया। अपना खोया हुआ आभूषण वापस पाकर सुधा और उनके पति भावुक हो गए। उन्होंने गौरव और सौरभ राजपूत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में ऐसी ईमानदारी बहुत कम देखने को मिलती है। यदि दोनों चाहें तो कुंडल अपने पास रख सकते थे, लेकिन उन्होंने मानवता और ईमानदारी का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित लौटाया।