शिवसेना की तत्परता से नवजात बच्ची को मिला तत्काल उपचार, विवेक पाण्डेय ने पेश की मानवता की मिसाल
गऊघाट सोनपुर में मिली मासूम को बिना देरी जिला अस्पताल पहुंचाया, पुलिस की कार्यप्रणाली और आपातकालीन व्यवस्था पर उठाए सवाल
सीधी। गऊघाट सोनपुर में नवजात बच्ची मिलने की सूचना मिलते ही शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय युवा आदर्श भाई एवं पत्रकार ओमकार मिश्रा से जानकारी मिलते ही उन्होंने बिना समय गंवाए बच्ची की सुरक्षा और जीवन को प्राथमिकता दी।
मामले की जानकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय को देने के साथ सिविल सर्जन दीपा रानी को भी अवगत कराया गया। इसके बाद शिवसेना जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह के साथ विवेक पाण्डेय नवजात बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पत्रकारों की मौजूदगी में डॉक्टर रवि पटेल को बच्ची सुपुर्द की गई, ताकि उसे तत्काल चिकित्सकीय देखरेख मिल सके।
विवेक पाण्डेय ने बताया कि मौके पर कमर्जी थाना पुलिस का काफी देर तक इंतजार किया गया, लेकिन मामला एक मासूम की जिंदगी से जुड़ा था। ऐसे में पुलिस के इंतजार में समय गंवाना उचित नहीं समझा और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाना जरूरी समझा।
उन्होंने पुलिस की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसी स्थान के आसपास एक बड़ी सड़क दुर्घटना भी हुई थी, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों द्वारा दी गई थी। इसके बावजूद लोगों का कहना था कि थाने से तत्काल कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंच पाया।
विवेक पाण्डेय ने कहा कि ऐसी संवेदनशील घटनाओं में प्रशासन को सूचना मिलते ही तत्काल सक्रिय होना चाहिए। कानून व्यवस्था का वास्तविक दायित्व संकट के समय आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। किसी भी आपात स्थिति में लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती है।
उन्होंने कहा कि मासूम की जिंदगी सबसे अनमोल है। मानवता और जनसेवा के लिए शिवसेना सदैव तत्पर रहेगी