भंवरसेन में मां काली की मूर्ति को लेकर नया खुलासा, पूरी प्रतिमा नहीं मिली, चार टुकड़ों में टूटी मूर्ति का एक अंश उसी स्थान पर विराजमान
मूर्ति गायब होने के बाद लगातार चल रही थी खोजबीन, अब टूटे हुए अंश मिलने से बढ़ा रहस्य; प्रशासनिक जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही सामने आएगी पूरी हकीकत
सीधी। जिले के भंवरसेन में मां काली की मूर्ति को लेकर पिछले कुछ समय से बना रहस्य अब एक नए घटनाक्रम के बाद और गहरा गया है। जिस स्थान से मां काली की मूर्ति अचानक गायब हो गई थी, वहां अब मूर्ति के चार टूटे हुए टुकड़े मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पूरी मूर्ति बरामद नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि मूर्ति के एक टूटे हुए अंश को पुनः उसी स्थान पर विराजमान कर श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना शुरू कर दी गई है।
अचानक गायब हुई थी मां काली की मूर्ति
जानकारी के अनुसार भंवरसेन की ऊंची पहाड़ी और चट्टानों के बीच स्थित मां काली के स्थान पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाई थी। सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा पहाड़ी की ऊंचाई, चट्टानों और खाईनुमा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं को वहां दर्शन के लिए नहीं जाने की समझाइश दी गई थी। साथ ही क्षेत्र को प्रतिबंधित घोषित करते हुए पुलिस विभाग और वन विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई थी।
इसी दौरान अचानक मां काली की मूर्ति अपने स्थान से गायब हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल बन गया तथा लगातार खोजबीन की जाने लगी।
सपने में मां काली के दर्शन की चर्चा के बाद उमड़े थे श्रद्धालु
इस पूरे घटनाक्रम में एक व्यक्ति द्वारा सपने में मां काली के दर्शन होने की बात कहे जाने का मामला भी चर्चा में रहा। बताया गया कि उक्त व्यक्ति बाहर कमाने गया हुआ था और उसका दावा था कि उसे लगातार सपने में इसी स्थान पर मां काली के दर्शन हो रहे थे। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भंवरसेन पहुंचने लगे थे।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा संबंधी प्रतिबंध लगाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन उस समय पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी।
अब चार टुकड़ों में मिली मूर्ति, एक अंश उसी स्थान पर रखा
अब सामने आई जानकारी के अनुसार मां काली की मूर्ति चार टुकड़ों में टूटी हुई अवस्था में मिली है। महत्वपूर्ण बात यह है कि पूरी प्रतिमा नहीं मिली है, बल्कि मूर्ति का एक टूटा हुआ अंश ही उसी स्थान पर पुनः रखा गया है, जहां पहले पूजा-अर्चना होती थी। श्रद्धालु उस अंश को विराजमान कर पूजा-पाठ कर रहे हैं।
आखिर मूर्ति गायब कैसे हुई? प्रशासनिक जांच के बाद खुलेगा राज
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि मां काली की मूर्ति आखिर अपने स्थान से कैसे गायब हुई और वह चार टुकड़ों में किस परिस्थिति में मिली? क्या मूर्ति को किसी ने क्षतिग्रस्त किया या इसके पीछे कोई अन्य कारण है? फिलहाल इन सवालों के जवाब स्पष्ट नहीं हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के आधिकारिक बयान और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी। फिलहाल श्रद्धालुओं में धार्मिक आस्था के साथ-साथ इस घटनाक्रम को लेकर उत्सुकता और चिंता बनी हुई है।
भंवरसेन में मां काली की मूर्ति से जुड़ा यह मामला अब केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि सुरक्षा और प्रशासनिक जांच का विषय भी बन गया है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आधिकारिक जानकारी पर टिकी हुई हैं।