➡️ अस्पृश्यता निवारणार्थ जिला स्तरीय सद्भावना शिविर ग्राम ससुन्द्रा में हुआ आयोजित
➡️ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सामाजिक समरसता और सद्भावना का दिया संदेश
अस्पृश्यता निवारणार्थ जिला स्तरीय सद्भावना शिविर का आयोजन 2 अक्टूबर को विकासखंड आमला के ग्राम ससुन्द्रा में किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र आमला के विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, विधानसभा क्षेत्र घोड़ाडोंगरी की विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उइके, जनपद पंचायत आमला के अध्यक्ष श्री गणेश यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती वत्सला शिवहरे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विधायक डॉ पंडाग्रे ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए सामाजिक सद्भाव, समानता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए ‘विकसित भारत’ विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर प्रशंसा पत्र वितरित किए गए।
शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अस्पृश्यता जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा समाज में समानता, सद्भाव और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के उपरांत सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने सामूहिक भोज में सहभागिता की।
कार्यक्रम में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन किया गया तथा अंत में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती वत्सला शिवहरे ने आभार व्यक्त किया।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul