➡️ विधायक बैतूल श्री हेमंत खंडेलवाल ने निर्माणाधीन सीसी रोड का किया निरीक्षण
➡️ अतिक्रमण हटाकर निर्धारित मापदंडों और गुणवत्ता से सड़क बनाने के दिए निर्देश
➡️ 7.89 करोड़ की लागत से पुराने एनएच से गढ़ाघाट लिंक रोड कारगिल चौक तक बन रही 2.70 किमी सीसी रोड
प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को बैतूल नगर में पुराने एनएच से गढ़ाघाट लिंक रोड होते हुए कारगिल चौक तक 7 करोड़ 89 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत 2.70 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन सीसी रोड का निरीक्षण किया। श्री खंडेलवाल ने जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ लगभग तीन किलोमीटर पैदल चलकर सड़क निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्री खंडेलवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण के निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाए और निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा होना जरूरी है, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात सुगम एवं सुचारू रूप से संचालित हो सके।
➡️ रहवासियों से की चर्चा
निरीक्षण के दौरान श्री खंडेलवाल ने सड़क निर्माण में आ रहे अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने रहवासियों से भी चर्चा कर उनसे निर्धारित मापदंड के अनुसार सड़क निर्माण में सहयोग करने तथा स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने से सड़क निर्माण कार्य तेजी से पूरा हो सकेगा और नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।
श्री खंडेलवाल ने सीसी रोड के दोनों ओर एंड-टू-एंड पेविंग ब्लॉक लगाए जाने के संबंध में ईएनसी से चर्चा की। उन्होंने सड़क निर्माण के साथ ही आसपास की आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थित स्वरूप को ध्यान में रखते हुए कार्य कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान बैतूल नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, नपा उपाध्यक्ष श्री महेश राठौर सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
13 views | Betul, Madhya Pradesh | Oct 2, 2026