➡️ जिले की 554 ग्राम पंचायतों में आयोजित हुई ग्राम सभाएं
➡️ ‘सबकी योजना, सबका विकास’ के तहत ग्राम पंचायत विकास योजना 2027-28 का अनुमोदन, ‘रिफॉर्म उत्सव’ के रूप में मनाया गया अभियान
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर भारत सरकार के जन योजना अभियान ‘पीपल्स प्लान कैंपेन- सबकी योजना, सबका विकास’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत विकास योजना वर्ष 2027-28 के अनुमोदन के लिए 2 अक्टूबर को जिले की 554 ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध रूप से ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में ग्राम पंचायत विकास योजना के अनुमोदन अभियान को ‘रिफॉर्म उत्सव’ के रूप में मनाया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए ग्राम पंचायतों द्वारा किए गए सार्थक प्रयासों, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलने तथा ग्राम विकास की गतिविधियों पर चर्चा की गई। साथ ही ग्राम पंचायत विकास पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
ग्राम सभाओं में नियमित एजेंडा बिंदुओं के साथ स्थानीय आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों से संबंधित विषयों को भी शामिल कर चर्चा की गई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित विषयों में पंचायत राज के अंतर्गत नल-जल योजनाओं के जल स्रोतों का संरक्षण एवं रखरखाव, जल गुणवत्ता परीक्षण, समस्याओं के निराकरण, नियमित अनुश्रवण, सामुदायिक वन संसाधन एवं वनाधिकार से संबंधित गतिविधियों तथा उनकी अद्यतन प्रगति पर चर्चा की गई। इसके अलावा वीबी-जी राम जी योजना, राजीव गांधी जल ग्रहण क्षेत्र प्रबंधन मिशन, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संबंध में भी जानकारी दी गई।
‘रिफॉर्म उत्सव’ के अंतर्गत खाद्य विभाग से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। राजस्व विभाग द्वारा भूमि संसाधन एवं स्वामित्व योजना की जानकारी दी गई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा शेष ग्रामीण परिवारों को नल-जल से जोड़ने तथा जल जीवन मिशन के पोर्टल पर डिजिटल मॉनिटरिंग प्रणाली के संबंध में जानकारी साझा की गई।
गृह विभाग के अंतर्गत तीन नए आपराधिक कानूनों के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान पर चर्चा की गई। सहकारिता विभाग के अंतर्गत सहकारी संस्थाओं में डिजिटल परिवर्तन तथा PACS/BCS/FCS के गठन से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यालयों में साफ-सफाई, स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा हुई। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत बाल विवाह मुक्त ग्राम प्रमाण पत्र के लिए प्रस्ताव पारित करने पर चर्चा की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से ग्रामीणों को संतुलित आहार, नियमित योग एवं व्यायाम,मानसिक स्वास्थ्य, तंबाकू एवं नशामुक्ति, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने पर चर्चा की गई। वहीं श्रम विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, बंधुआ मजदूरी की रोकथाम एवं बाल श्रम की रोकथाम से संबंधित विषयों पर ग्रामीणों को जानकारी दी गई।
ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों की स्थानीय आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल करने के साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul