#किशाऊ बांध पर हिमाचल के हक की जीत, हर साल 1200-1500 करोड़ की आय : सुक्खू
मुख्यमंत्री बोले- बिना कोई निवेश किए प्रदेश को मिलेगा आर्थिक लाभ, प्राकृतिक संसाधनों पर हिमाचल का अधिकार सुनिश्चित
शिमला। किशाऊ बांध परियोजना को लेकर हिमाचल सरकार और प्रदेश के हितों के लिए चल रहे करीब तीन साल के संघर्ष के बाद हुए समझौते को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल के हक की ऐतिहासिक जीत करार दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समझौते से हिमाचल को बिना कोई निवेश किए हर वर्ष करीब 1200 से 1500 करोड़ रुपये की आय होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को संबोधित संदेश में कहा कि सरकार ने किशाऊ बांध परियोजना को लेकर शुरुआत से ही हिमाचल के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। सरकार ने स्पष्ट किया था कि यदि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल किया जाता है तो उसका उचित लाभ भी हिमाचल की जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हुआ समझौता इस बात का प्रमाण है कि सरकार जब प्रदेश के हितों के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ खड़ी होती है तो परिणाम भी हिमाचल के पक्ष में आते हैं।
सुक्खू ने कहा कि यह महज एक समझौता नहीं, बल्कि हिमाचल के संसाधनों पर हिमाचल के अधिकार और प्रदेश की जनता के हितों की जीत है। उन्होंने कहा, "हमने राजनीति नहीं, हिमाचल का हक चुना। हमने बोझ नहीं, हिमाचल के लिए आय का रास्ता चुना।"
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को हर हिमाचली की जीत बताते हुए प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के हितों की रक्षा के लिए सरकार का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।