नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया यानी NUJI की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में विधिवत कार्यभार संभाल लिया है। मां सरस्वती की पूजा के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में देशभर से हुंचे पत्रकारों और पदाधिकारियों ने नई टीम का स्वागत किया।
वरिष्ठ पत्रकार राकेश थपलियाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष, राकेश कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय महासचिव और रामचंद्र कन्नोजिया ने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।
बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, उचित वेतन-भत्ते, श्रम कानूनों का पालन और डिजिटल मीडिया की चुनौतियों सहित पत्रकारिता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। NUJI ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने और प्रेस काउंसिल की जगह अधिक अधिकारों वाली मीडिया काउंसिल गठित करने की मांग भी उठाई।
वहीं, संगठन ने फर्जी पत्रकारिता और पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाने की बात कही।
NUJI का तीन दिवसीय राष्ट्रीय महाधिवेशन 28 नवंबर से जयपुर में आयोजित होगा, जिसमें देशभर के पत्रकारों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की ओर से प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र देव आर्य और प्रदेश संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गोपाल दत्त शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
न्यूज टुडे हिमाचल