भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में डी.एल.एड. सत्र 2024–26 का फूड फेयर आयोजित
भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, सदातपुर, मुजफ्फरपुर में डी.एल.एड. सत्र 2024–26 के प्रशिक्षुओं द्वारा फूड फेयर का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य प्रशिक्षुओं में उद्यमिता, प्रबंधन कौशल, टीम भावना, रचनात्मकता तथा भारतीय खान-पान की विविधता को बढ़ावा देना था। फूड फेयर में प्रशिक्षुओं द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट एवं पारंपरिक व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनकी सभी उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
इस अवसर पर विद्या भारती बिहार के प्रदेश सचिव श्री रामलाल सिंह, प्रदेश मंत्री डॉ. सुबोध कुमार तथा सह सचिव डॉ. अंकज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया, प्रशिक्षुओं के प्रयासों की सराहना की तथा उनके द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया।
अपने संबोधन में श्री रामलाल सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना तथा व्यावहारिक कौशल का विकास करती हैं। डॉ. सुबोध कुमार ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए। वहीं डॉ. अंकज कुमार ने प्रशिक्षुओं की सृजनात्मकता, अनुशासन एवं उत्कृष्ट आयोजन क्षमता की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।