अवैध कॉलोनियों पर डीटीपी का चला पीला पंजा, 12 एकड़ में ध्वस्त किया अवैध निर्माण
बिना मंजूरी काटी जा रही कॉलोनियों पर प्रशासन सख्त
सड़क-पानी नेटवर्क समेत 10 डीपीसी किए ध्वस्त
डीटीपी सुमित मलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को गांव मेहराना और सुताना की राजस्व सीमा में करीब 12 एकड़ क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान एक अनधिकृत निर्माण को सील करने के साथ-साथ तीन अनधिकृत कॉलोनियों में विकसित किए गए 10 डीपीसी, पूरी मिट्टी की सड़क नेटवर्क, पानी की सप्लाई नेटवर्क तथा कॉलोनियों की सीमांकन संबंधी संरचनाओं को दो जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त किया गया।
उन्होंने कहा कि जिले में बिना सक्षम अनुमति के काटी जा रही कॉलोनियों और किए जा रहे अवैध निर्माण को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। आमजन को भी अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित विभाग से कॉलोनी की वैधता और आवश्यक अनुमतियों की जानकारी अवश्य प्राप्त करनी चाहिए। विभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।