खुला बोरवेल, चली गई मासूम की जा+न...
नीरज शर्मा ने की मुआवजे और कार्रवाई की मांग
गांव सीही में खुले बोरवेल में गिरने से बच्ची की मौत के बाद एनआईटी फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने नगर निगम और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की।
प्रेस नोट के अनुसार, नीरज शर्मा ने बच्ची के पिता रामदीन से मुलाकात की। उन्होंने दावा किया कि जिस बोरवेल में बच्ची गिरी, वह छह से सात वर्षों से बिना सुरक्षा ढक्कन के खुला पड़ा था। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारियों को इसे सुरक्षित कराना चाहिए था।
पूर्व विधायक ने मांग की कि इस अवधि में क्षेत्र में तैनात रहे संबंधित जेई, एसडीओ, एक्सईएन और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच हो तथा उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की भी मांग की।
नीरज शर्मा ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल से घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि नागरिक सुविधाओं की निगरानी में कमी के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। साथ ही उन्होंने पीड़ित पिता को श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ न मिलने का मुद्दा भी उठाया।
मुलाकात के दौरान पूर्व पार्षद दयाशंकर गिरी, पूर्व पार्षद दीपक चौधरी और स्थानीय पार्षद के बेटे गोल्डी बरेजा भी मौजूद रहे।