#गाजीपुर में छठ पूजा के दौरान घरों में हुई चोरी की तीन वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। नंदगंज पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए करीब पांच लाख रुपये कीमत के आभूषण, 30 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। चोरों ने उन घरों को निशाना बनाया था, जिनके लोग छठ पूजा के लिए घाट पर गए हुए थे।मामला नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव का है, जहां 16 नवंबर को छठ पूजा के दौरान घरों में ताला बंद कर घाट पर गए लोगों के घरों को चोरों ने निशाना बनाया था। तीन घरों के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर नंदगंज पुलिस ने कुसुम्ही कलां पोखरा कुड़वार के पास से तीन आरोपियों आशीष कुमार, रोहित कुमार और एक अन्य आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके कब्जे से करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 30 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी आशीष कुमार के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है