जनगणना-2027 को लेकर डीएम की अपील, 30 नवंबर तक घर बैठे करें ऑनलाइन स्वगणना
गाजीपुर। जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं और अपने परिवार की ऑनलाइन स्वगणना अवश्य पूरी करें।
डीएम ने बताया कि स्वगणना के दौरान लगभग 40 सवालों के माध्यम से परिवार से जुड़ी सामाजिक एवं आर्थिक जानकारी दर्ज करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक स्वगणना आईडी (SE ID) जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान लोगों को अपनी स्वगणना आईडी संबंधित प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी। जनगणना कार्य में मुख्य रूप से शिक्षा विभाग के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि उन्होंने स्वयं भी ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर ली है। उन्होंने जनपदवासियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वगणना पूरी कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की सामाजिक एवं आर्थिक नीतियों के निर्माण तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसलिए सभी नागरिक समय से स्वगणना कर राष्ट्रीय कार्य में अपना योगदान दें। #GhazipurNews #BreakingNews DM_Ghazipur