बिहार बोर्डिंग स्कूल के छात्रावास से तीन छात्र फरार, परिजनों ने थाने में दिया आवेदन।
शेखपुरा जिले के आदर्श थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगाली पर मोहल्ले में संचालित बिहार बोर्डिंग स्कूल के छात्रावास से तीन छात्र अचानक शनिवार को फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। काफी खोजबीन के बावजूद छात्रों का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने रविवार के दिन शेखपुरा आदर्श थाना पहुंचकर पुलिस से बरामदगी की गुहार लगाई है।
फरार छात्रों की पहचान लखीसराय जिले के महसौना गांव निवासी अनोज राम के पुत्र सन्नी कुमार, विरुपुर थाना क्षेत्र के कमरपुर गांव निवासी प्रदीप महतो के पुत्र दुर्गेश कुमार तथा शेखपुरा जिले के पचना गांव निवासी धर्मेंद्र राम के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार, तीनों छात्र बिहार बोर्डिंग स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करते थे। शनिवार को तीनों छात्र खेलने के बहाने छात्रावास से बाहर निकले थे, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटे। इसके बाद स्कूल प्रबंधन और परिजनों के बीच उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया।
इस संबंध में आदर्श थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि छात्रों के लापता होने को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस शहर में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि छात्रों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है और तीनों छात्रों की तलाश की जा रही है।