नव निर्मित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र का मुखिया रिंकी कुमारी ने किया उद्घाटन, बच्चों को मिलेगी बेहतर शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य सुविधाएं।
शेखपुरा जिले के कटारी पंचायत अंतर्गत मुरारपुर गांव के वार्ड संख्या 13 में नव निर्मित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र का विधिवत उद्घाटन पंचायत की मुखिया रिंकी कुमारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविका एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सेविका शालिनी कुमारी ने मुखिया रिंकी कुमारी का स्वागत किया। वहीं वार्ड प्रतिनिधि राजनीति कुमार ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया।
उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुखिया रिंकी कुमारी ने कहा कि कटारी पंचायत में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मुरारपुर वार्ड संख्या 13 में नव निर्मित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया गया है। इस केंद्र के शुरू होने से छोटे-छोटे बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ भोजन की भी समुचित व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण का विशेष ध्यान रखा जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के शुरुआती विकास और शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुखिया रिंकी कुमारी ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चे ही देश का भविष्य हैं। इन्हें बेहतर शिक्षा, पोषण और सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां से शिक्षा और संस्कार प्राप्त करने वाले बच्चे आगे चलकर अपने गांव, पंचायत, जिला और राज्य का नाम रोशन करेंगे। इस दौरान रिंकी कुमारी, राजनीति कुमार, अरविंद आनंद, रवि कुमार, राम कुमार, रहीश कुमार लीला देवी, अंशु कुमारी,लालो पंडित सहित अन्य लोग शामिल हुए।
Sheikhpura, Sheikhpura | Nov 28, 2026