परदेश में थमी चतरा के मजदूर की सांसें, जिप उपाध्यक्ष की पहल पर डीसी रवि आनंद ने लिया त्वरित संज्ञान..
पीड़ित परिवार को मिलेगी 50 हजार की आर्थिक सहायता, पत्नी-बच्चे कर रहे अंतिम दर्शन का इंतजार..!
रोजी-रोटी की तलाश में परदेश गए चतरा के एक गरीब मजदूर की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इटखोरी प्रखंड के पीतिज गांव के सहरेता निवासी 30 वर्षीय पिंटू कुमार भुइयां की विगत 15 नवंबर 2026 को बेंगलुरु में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह श्री मंजुनाथ इंटरप्राइजेज में काम करता था। घटना के बाद मृतक की पत्नी और छोटे-छोटे बच्चे अपने प्रियजन के अंतिम दर्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं। घटना के बाद मृतक का पार्थिव शरीर बेंगलुरु से पैतृक गांव लाकर अंतिम संस्कार कराने की गुहार समाजसेवी उमेश कुमार भारती ने जिला प्रशासन से की थी। जिसके बाद जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रज किशोर तिवारी नें मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया और उपायुक्त रवि आनंद को घटना से अवगत कराते हुए पीड़ित परिवार की मदद तथा शव को गांव पहुंचाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया। जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रज किशोर तिवारी ने बताया कि उपायुक्त रवि आनंद ने मामले पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही मृतक का पार्थिव शरीर बेंगलुरु से चतरा स्थित पैतृक गांव लाने की दिशा में श्रम पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की पहल से शोकाकुल परिवार को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मृतक का भाई दिलीप भुइयां फिलहाल बेंगलुरु में मौजूद है। परिजनों की एकमात्र इच्छा है कि पिंटू का अंतिम दर्शन कर गांव में ही पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जा सके।