विद्युत चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 186 प्रकरण बनाए, 33.48 लाख की बिलिंग
हरदा। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, हरदा वृत्त द्वारा जिले में विद्युत चोरी एवं अनाधिकृत उपयोग के खिलाफ व्यापक स्तर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गठित 21 चेकिंग दलों ने जिले के विभिन्न वितरण केंद्रों एवं क्षेत्रों में सघन जांच की।
कंपनी द्वारा की गई कार्रवाई में 186 बिजली चोरी एवं अनाधिकृत उपयोग के प्रकरण बनाए गए। इन प्रकरणों में कुल 33.48 लाख रुपये की बिलिंग की गई है। सभी संबंधित मामलों में नोटिस जारी कर राशि वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि विद्युत चोरी एवं अनाधिकृत उपयोग के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे केवल वैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें।
कंपनी के अनुसार विद्युत चोरी से न केवल कंपनी को आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि इसका प्रतिकूल प्रभाव ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है।
Harda, Harda | Sep 10, 2026