सोयाबीन फसल का निरीक्षण, रोग नियंत्रण के लिए किसानों को दी सलाह
अनोखा तीर, हरदा। जिला कलेक्टर हरदा द्वारा गठित नैदानिक दल ने विकासखंड हरदा के विभिन्न गांवों में सोयाबीन फसल का निरीक्षण कर किसानों को रोग एवं कीट नियंत्रण संबंधी आवश्यक सलाह दी। दल में कृषि विज्ञान केंद्र हरदा के डॉ. मुकेश कुमार बंकोलिया, वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी (पौध संरक्षण), अनुविभागीय अधिकारी रचना पटेल, प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी संगीता डावर, कृषि विस्तार अधिकारी गजानन गुर्जर एवं दीपेश चंद्रवंशी शामिल रहे।
दल ने ग्राम अबगांव खुर्द, भुवनखेड़ी, डमलाई और मांगरुल सहित नयापुरा, रातातलाई, खेड़ा एवं रेलवा में सोयाबीन फसलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फसल में पत्तियों का पीलापन, पौधों का मुरझाना, निचली पत्तियों का सूखना तथा पर्णदाग के पानी जैसे असामान्य धब्बे दिखाई दिए।
अधिक नमी की स्थिति को देखते हुए राइजोक्टोनिया एरियल ब्लाइट की संभावना के मद्देनजर किसानों को फसल की लगातार निगरानी रखने और शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर अनुशंसित फफूंदनाशी का छिड़काव करने की सलाह दी गई। साथ ही सफेद मक्खी, तना मक्खी एवं जीवाणुजनित रोगों के नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कृषि रसायनों के अनुशंसित मात्रा में उपयोग की जानकारी दी गई।
कृषकों को विशेष रूप से निर्देश दिए गए कि कीटनाशक, फफूंदनाशी एवं जीवाणुनाशी को आपस में मिलाकर एक साथ छिड़काव न करें तथा कृषि रसायनों का उपयोग केवल लेबल पर दिए गए निर्देशों और अनुशंसित मात्रा के अनुसार करें। फसल में रोग या कीट के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल संबंधित कृषि अधिकारी से संपर्क करने की अपील की गई।
Harda, Harda | Sep 10, 2026