पीडीएस दुकानदारों को पारदर्शिता के साथ राशन वितरण का कांटी विधायक ई.अजीत कुमार ने दिए निर्देश, हकमारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
कांटी प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रमोद सभागार भवन में मंगलवार को कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने जन वितरण प्रणाली दुकानदारों के साथ बैठक की। बैठक में राशन वितरण व्यवस्था, लाभुकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा जन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि गरीबों के हक का अनाज किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाना चाहिए। गरीब एवं जरूरतमंद लाभुकों का शोषण या हकमारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लाभुकों के अधिकार में कटौती या अनियमितता करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी पीडीएस दुकानदारों से सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ राशन वितरण करने की अपील की। कहा कि जन वितरण प्रणाली सरकार की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसका सीधा लाभ गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है। इसलिए इसमें किसी प्रकार की अनियमितता या शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।
विधायक ने दुकानदारों को लाभुकों के साथ उचित व्यवहार करने तथा राशन वितरण में किसी तरह की मनमानी नहीं करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि दुकानदारों के साथ अधिकारियों द्वारा दुर्व्यवहार या किसी प्रकार की उगाही भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौके पर बीडीओ किशन चंद्रयान, सीओ मुकेश कुमार, एमओ उमेश कुमार, सहायक गोदाम प्रबंधक उज्ज्वल कुमार समेत क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के पीडीएस दुकानदार मौजूद थे।