नशे से रोका तो पुजारी पर सिल-बट्टे से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
सेक्टर-30 बाईपास रोड पर नहर किनारे स्थित मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश (65) की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच DLF ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात में चार लोग शामिल थे और दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने बताया कि 30 अगस्त की रात चार युवक मंदिर के पास नशा कर रहे थे। पुजारी ने उन्हें रोका और वहां से जाने को कहा। आरोप है कि युवकों ने मंदिर तक उनका पीछा किया, मारपीट की और पत्थर के सिल-बट्टे से सिर पर हमला कर दिया। पुजारी की मौत के बाद आरोपी उनका सामान लेकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशिफ उर्फ टीटी (20) और आशिफ उर्फ कालिया (34) के रूप में हुई है। दोनों किसान मजदूर कॉलोनी में रहते हैं और ऑटो चलाते हैं। पुलिस के मुताबिक, टीटी के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और चोरी सहित तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश करने के साथ पुजारी से ले जाए गए सामान के संबंध में दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।