धान खरीद के पहले दिन बल्लभगढ़ अनाज मंडी पहुंचे मंत्री राजेश नागर, व्यवस्थाओं का किया औचक निरीक्षण...
हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने मंगलवार को धान खरीद शुरू होने के पहले दिन बल्लभगढ़ अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान की खरीद, अनाज के उठान और रखरखाव की व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों को अनावश्यक इंतजार या किसी अन्य परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने अधिकारियों से मंडी में फसल की आवक और खरीद की स्थिति पूछी। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी होनी चाहिए। खरीदे गए अनाज का उठान भी समय पर किया जाए। किसानों की शिकायत मिलने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान राजेश नागर ने पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और बैठने की व्यवस्था देखी। उन्होंने अटल कैंटीन का भी जायजा लिया और अधिकारियों को उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने मंडी में मौजूद किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर खरीद व्यवस्था पर उनका फीडबैक लिया।
राजेश नागर ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की फसल की सुचारु खरीद सुनिश्चित करना है। उनके मुताबिक खरीद से लेकर भुगतान और अनाज के उठान तक किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को मंडी की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान बल्लभगढ़ मार्केट कमेटी अध्यक्ष संजीव बैसला, मोहना मार्केट कमेटी अध्यक्ष संदीप टोंगर, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक कविता, मार्केट कमेटी सचिव इंद्रपाल, मंडी प्रधान पुरुषोत्तम डागर सहित विभागीय अधिकारी, किसान और आढ़ती मौजूद रहे।