साहू पंचायत के तोली गांव में पानी-बिजली की समस्या पर भड़के ग्रामीण
बीडीसी सदस्य नूरुद्दीन नूरानी ने विभागों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
चंबा। 14 नवंबर
ग्राम पंचायत साहू के तोली गांव में पेयजल और बिजली की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों की परेशानियां एक बार फिर सामने आई हैं। बीडीसी सदस्य नूरुद्दीन नूरानी ने गांव का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही पानी और बिजली की समस्या को उनके समक्ष रखा तथा संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा की अगर सोमवार तक बिजली पानी का समाधान नहीं होता है तो होगा चक्का जाम।
बीडीसी सदस्य नूरुद्दीन नूरानी ने जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा की बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा, तो दूरदराज के गांवों की पेयजल व्यवस्था की सुध आखिर कौन लेगा?
उन्होंने विभाग के एक्सईएन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए तंज कसा कि क्या विभाग में केवल तारीफ करने वालों की ही सुनवाई होती है या जनता की समस्याएं उठाने वाले शिकायतकर्ताओं की भी कोई अहमियत है?
नूरानी का कहना है कि एक तरफ पानी की बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। यह स्थिति विभागीय जवाबदेही और शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
बिजली बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल
तोली गांव में बिजली की समस्या को लेकर भी ग्रामीणों ने अपनी परेशानी जाहिर की। लोगों का कहना है कि लंबे समय से बिजली संबंधी दिक्कतों के चलते उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में बिजली बोर्ड को भी गांव की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए।
अब सवाल यह है कि क्या जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड के अधिकारी ग्रामीणों की इन समस्याओं को गंभीरता से लेंगे या फिर शिकायतें संबंधित कार्यालयों के चक्कर काटती रहेंगी?
ग्रामीणों को आश्वासन नहीं, स्थायी समाधान चाहिए।
Chamba, Chamba | Nov 14, 2026