आज जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, बांका से संचालित योजनाओं यथा बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता एवं कुशल युवा कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक की गई।
प्रबंधक, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, बांका द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित योजनाओं की अब तक की प्रगति प्रस्तुत की गई। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित कुल लक्ष्य 1,300 के विरुद्ध अब तक 591 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो लक्ष्य का 45.46 प्रतिशत है। माहवार प्रगति के तहत जून में 82, जुलाई में 190 तथा अगस्त में 284 आवेदन प्राप्त हुए।
वहीं, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत निर्धारित कुल लक्ष्य 4,122 के विरुद्ध अब तक 604 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसमें जून में 122, जुलाई में 150 तथा अगस्त में 266 आवेदन प्राप्त हुए।
कुशल युवा कार्यक्रम के तहत अब तक कुल 2,107 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें जून में 589, जुलाई में 615 तथा अगस्त में 654 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति हेतु कार्ययोजना तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से आच्छादित करते हुए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
लक्ष्य की प्राप्ति हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी, बांका के साथ समन्वय स्थापित कर जिले में अवस्थित सभी सरकारी उच्च विद्यालय/महाविद्यालय, निजी उच्च विद्यालय/निजी महाविद्यालय एवं सभी कोचिंग संस्थानों से समन्वय स्थापित कर अध्ययनरत 12वीं पास छात्र-छात्राओं की सूची अद्यतन मोबाइल नंबर के साथ प्राप्त कर जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, बांका को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, नोडल शिक्षक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं इच्छुक अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त की जाए, ताकि उन्हें योजनाओं के अंतर्गत आच्छादित किया जा सके।
जिले के सभी तालिमी मरकज/टोला सेवकों की प्रखंडवार बैठक आयोजित कर योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए इच्छुक लाभार्थियों की गुणवत्तापूर्ण सूची प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस, बांका को जिले में कार्यरत सभी सेविका/सहायिका से समन्वय स्थापित कर निर्धारित प्रपत्र में उनके पोषक क्षेत्र में निवास करने वाले प्राथमिकता आधारित 12वीं/स्नातक पास छात्र-छात्राओं की सूची प्राप्त कर जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, बांका को उपलब्ध कराने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं इच्छुक अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त कर उन्हें योजना के अंतर्गत आच्छादित करने का निर्देश दिया गया।
जिला कल्याण पदाधिकारी, बांका से समन्वय स्थापित कर कार्यरत सभी विकास मित्रों के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में उनके पोषक क्षेत्र में निवास करने वाले छात्र-छात्राओं में प्राथमिकता आधारित 12वीं/स्नातक पास छात्र-छात्राओं की सूची प्राप्त कर जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, बांका को उपलब्ध कराने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं इच्छुक अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त कर उन्हें योजना के अंतर्गत आच्छादित करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, जीविका से समन्वय स्थापित कर जीविका दीदियों के माध्यम से भी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों की गुणवत्तापूर्ण सूची प्राप्त करने का निर्देश दिया गया, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को संबंधित योजनाओं का लाभ मिल सके।
22 views | Banka, Bihar | Sep 9, 2026