*पंचायती राज चुनाव 2026: जिले में चुनावी तैयारियां तेज, 28 प्रकोष्ठ गठित*
*— 1,168 मतदान केंद्रों पर 11.17 लाख मतदाता करेंगे मतदान*
*— 3 और 14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा 5 और 16 नवंबर को सरपंच एवं वार्ड पंच के लिए दो चरणों में होगा मतदान*
*— जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने प्रकोष्ठ प्रभारियों के साथ बैठक कर चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की*
#लालबहादुर_भाखर #RajasthanNews #Pilibanga #hanumangarh
हनुमानगढ़, 6 अक्टूबर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के मद्देनजर चुनावी कार्यों के विकेंद्रीकरण के लिए जिले में 28 प्रकोष्ठ गठित कर प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। चुनाव तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रकोष्ठ प्रभारियों के साथ बैठक की।
बैठक में आदर्श आचार संहिता, कानून-व्यवस्था, मतदान दलों की नियुक्ति, वाहन एवं रूट चार्ट, निर्वाचन सामग्री, प्रशिक्षण, डाक मतपत्र, मतपत्र मुद्रण एवं वितरण, भुगतान, सांख्यिकी, आईटी, निर्वाचन लेखा, अभ्यर्थी लेखा, मीडिया एवं पेड न्यूज, शिकायत प्रकोष्ठ, नियंत्रण कक्ष, पर्यवेक्षक व्यवस्था, कार्मिक कल्याण, विशेष योग्यजन के लिए व्यवस्थाएं, दूरसंचार, चिकित्सा सुविधा तथा कम्युनिकेशन प्लान सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।बैठक में एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना सहित सभी नोडल अधिकारी मौजूद रहें।
हनुमानगढ़ जिले में पंचायत चुनाव दो चरणों (तृतीय और चतुर्थ) में होंगे। इनमें एक जिला परिषद, 10 पंचायत समितियां और 325 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। जिले की एक जिला परिषद के 37 सदस्यों, 10 पंचायत समितियों के 208 सदस्यों तथा 325 ग्राम पंचायतों में 3,385 वार्ड पंचों के भी चुनाव होंगे। इसके लिए जिले में 1,168 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नोहर में सर्वाधिक 207 और पल्लू में सबसे कम 79 मतदान केंद्र हैं।
जिले की 325 ग्राम पंचायतों में कुल 11,17,709 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 5,80,503 पुरुष, 5,37,168 महिलाएं और 8 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव के लिए 73 संवेदनशील और 107 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं। जिले की 10 पंचायत समितियों को चुनाव व्यवस्था के लिए 112 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
*जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख और जिला परिषद सदस्य के लिए चुनाव*
पंचायत आम चुनाव- 2026 के तहत जिले के 37 जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए नामांकन प्रक्रिया 19 अक्टूबर, 2026 से शुरू होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को तथा नाम वापसी 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक होगी। इसी दिन नाम वापसी का समय समाप्त होने के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी।
हनुमानगढ़ जिले में तृतीय चरण का मतदान 3 नवंबर को हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा एवं राजपुरा (8 बीएचडी) में तथा चतुर्थ चरण का मतदान 14 नवंबर को संगरिया, टिब्बी, रावतसर एवं हनुमानगढ़ टाउन में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवम्बर को तथा उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवम्बर, 2026 को होगा। बैठक कार्यवाही प्रातः 10 बजे से शुरू होगी।
*पंचायत समिति प्रधान, उप प्रधान और सदस्य के लिए चुनाव*
जिले की 10 पंचायत समितियों के 208 सदस्यों के मतदान के लिए 1168 मतदान केंद्र बनाए गए है। तृतीय चरण में नामांकन प्रक्रिया 19 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। तृतीय चरण में हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा एवं राजपुरा (8 बीएचडी) के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक होगी। संवीक्षा 24 अक्टूबर को तथा नाम वापसी 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक होगी। इसी दिन नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
चतुर्थ चरण में संगरिया, टिब्बी, रावतसर एवं हनुमानगढ़ टाउन के लिए नामांकन प्रक्रिया 31 अक्टूबर से शुरू होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 4 नवंबर को अपराह्न 3 बजे तक, संवीक्षा 5 नवंबर को तथा नाम वापसी 6 नवंबर को अपराह्न 3 बजे तक होगी। इसी दिन नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
दोनों चरणों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिले की सभी 10 पंचायत समितियों के प्रधान पद के लिए चुनाव 27 नवंबर और उप प्रधान के लिए 28 नवंबर को चुनाव होगा।
*ग्राम पंचायत सरपंच, उप सरपंच और वार्ड पंच सदस्य के लिए चुनाव*
जिले की सभी 325 ग्राम पंचायतों में सरपंच/उपसरपंच और पंच के लिए दो चरणों में चुनाव होंगे। पंच एवं सरपंच पद के लिए तृतीय चरण में हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा एवं राजपुरा (8 बीएचडी) के लिए निर्वाचन की लोक सूचना 19 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन 4 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक, संवीक्षा 11:30 बजे से 2 बजे तक तथा नाम वापसी 2 बजे के तुरंत बाद होगी। चुनाव चिह्न आवंटन एवं अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन नाम वापसी के बाद होगा। मतदान 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। पंच एवं सरपंच पद की मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर तथा उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर को होगा।
चतुर्थ चरण में संगरिया, टिब्बी, रावतसर एवं हनुमानगढ़ टाउन के लिए लोक सूचना 31 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन 15 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक, संवीक्षा 11:30 बजे से 2 बजे तक तथा नाम वापसी 2 बजे के तुरंत बाद होगी। चुनाव चिह्न आवंटन एवं अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन नाम वापसी के बाद होगा। मतदान 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर तथा उपसरपंच का चुनाव 17 नवंबर को होगा।
*मतपेटी और ईवीएम मशीन से मतदान*
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 हेतु जिले की सभी ग्राम पंचायत के सरपंच एवं वार्ड पंच का निर्वाचन मतपेटी के माध्यम से तथा जिला परिषद एवं पंचायत समिति के समस्त वार्डों/सदस्यों का निर्वाचन ईवीएम के माध्यम से करवाया जाएगा।
*मतदाताओं की पहचान*
सभी मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं। मतदान के दौरान मतदाताओं को अपनी पहचान स्थापित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी उक्त फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। फिर भी यदि कोई मतदाता किसी भी कारण से मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है तो मतदान के लिए उसे राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 11 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। जिनमें आधार कार्ड, वीबी जी राम जी कार्ड, बैंकों/डाकघरों द्वारा जारी फोटो युक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा कार्ड, आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, पेंशन दस्तावेज, कर्मचारियों को जारी फोटो युक्त सेवा पहचान पत्र, सांसद एवं विधानसभा सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र, यूडीआईडी कार्ड सहित 11 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों में से केवल वही दस्तावेज मान्य होंगे जो पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन की घोषणा से पूर्व में जारी किए हुए हो।
*अभ्यर्थियों के लिए चुनाव खर्च सीमा*
चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों द्वारा चुनाव के दौरान वाहनों एवं लाउडस्पीकरों के उपयोग, कट आउट, होर्डिंग, पोस्टर और बैनर के प्रदर्शन व इनसे संबंधित अन्य गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए प्रतिबंध अधिरोपित किए गए हैं। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला मजिस्ट्रेट या उपखंड मजिस्ट्रेट या सक्षम अधिकारी की लिखित अनुमति प्राप्त करनी आवश्यक होगी एवं इसका प्रयोग रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 6:00 बजे तक पूर्णत प्रतिबंध रहेगा। जिला परिषद सदस्य के लिए 3 लाख, पंचायत समिति सदस्य के लिए 1.50 लाख एवं सरपंच के लिए 1 लाख रुपए अधिकतम चुनाव खर्च सीमा निर्धारित की गई है।
_____