कैलाश पर्वत की भव्य थीम पर बना दुर्गा पूजा पंडाल बना श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
छपरा, सारण दिनांक 19 अक्टूबर 2026
सारण जिले में बनियापुर प्रखंड में दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर कैलाश पर्वत की भव्य थीम पर निर्मित पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। श्री दुर्गा पूजा समिति द्वारा निर्मित इस भव्य पंडाल को तैयार करने में लगभग पांच महीने का समय लगा है तथा इसके निर्माण पर करीब 80 लाख रुपये खर्च हुए हैं। लगभग 80 फीट × 80 फीट क्षेत्रफल में बने इस पंडाल की भव्य संरचना और आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए लगातार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस समिति द्वारा यहां पर वर्ष 1972 से इस तरह की भव्य संरचना कर पूजा पंडाल का आयोजन किया जाता है।
समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पंडाल में प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिससे भीड़ का आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सके। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए परिसर में 15 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं, अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर फायर एक्सटिंग्विशर की भी व्यवस्था की गई है।
पंडाल में व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 200 वॉलंटियर तैनात हैं। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था संधारण एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन एवं पूजा समिति के समन्वय से भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित आवागमन तथा शांतिपूर्ण दर्शन-पूजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
भव्य निर्माण, बेहतर प्रबंधन और सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के साथ कैलाश पर्वत थीम पर बना यह पंडाल दुर्गा पूजा के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। श्रद्धालु उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ मां दुर्गा के दर्शन कर रहे हैं।
Saharsa, Bihar | Oct 19, 2026