सीईओ जिला पंचायत की अध्यक्षता में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा
----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल की अध्यक्षता में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार एवं विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला अस्पताल से स्त्री रोग विशेषज्ञ, डीपीएम अधिकारी, बीएमओ, बीपीएम, बीसीएम संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत संचालित गतिविधियों के क्रियान्वयन की समीक्षा के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को ओर अधिक व्यापक बनाने के संबंध में दिशा-निर्देश दिये गये।
उन्होंने निर्देशित किया कि पंचायत स्तर पर समग्र आईडी एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के लिए आयोजित शिविरों में पात्र हितग्राहियों के दस्तावेजों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। दस्तावेजों से संबंधित कमियों को प्राथमिकता से लेते हुए एक माह के भीतर दूर कराया जाए, ताकि हितग्राहियों को स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो।
स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान टीकाकरण कार्य अनमोल पोर्टल पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का नियमित अनुश्रवण किया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाए।
सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल ने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षित प्रसव को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश प्रदान किये।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्तर पर प्रसव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। अतः प्रसव की संभावित तिथि को ध्यान में रखते हुए गर्भवती महिलाओं को एक-दो दिन पूर्व आशा कार्यकर्ता के माध्यम से एंबुलेंस द्वारा संबंधित स्वास्थ्य संस्था में लाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि समय पर सुरक्षित प्रसव कराया जा सके।
बैठक में सभी विकासखंडों में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में रुचि नहीं लेने, लापरवाही बरतने अथवा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति नहीं करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीईओ जिला पंचायत ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने, आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopurelection