"वनस्पति आवरण को बढ़ाने, मरुस्थलीकरण को रोकने एवं लोगों की आजीविका में वृद्धि" पर ताबो में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
Kullu Times
हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान, शिमला द्वारा 'वनस्पति आवरण को बढ़ा कर मरुस्थलीकरण को रोकने एवं लोगों की आजीविका में वृद्धि' पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन ताबो में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ताबो ग्राम पंचायत के विभिन्न गांवों के 37 किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रशिक्षण समन्वयक और वैज्ञानिक एफ, हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान शिमला डॉ0 रणजीत कुमार की। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों के बीच तेजी से बढ़ रहे रेगिस्तानीकरण के खतरों और क्षरण को रोकने के लिए विभिन्न वानिकी गतिविधियों और आजीविका बढ़ाने के अवसरों के बारे में लोगों को जागरूक करना था।
उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को संस्थान व इसके अधिदेश और शोध गतिविधियों के बारे में जानकारी दी तथा चल रहे शोध परियोजना के तहत की जाने वाली क्षेत्रीय गतिविधियों पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित करते हुए एक प्रस्तुति भी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के सहयोग से शुष्क क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए शोध परियोजना की परिकल्पना की गई।
इस दौरान वरिष्ठ वैज्ञानिक, हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान शिमला डॉ0 पवन कुमार ने शीत मरुस्थल में लगने वाले कीटों एवं प्रजातियों,पोधरोपण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और समुदाय उन्मुख लाभों के लिए सैलिक्स, पोपलर और छरमा आदि विभिन्न प्रजातियों के महत्व पर चर्चा की। इसके अलावा पेड़ पौधों, सब्जियों, फलों में तितलियों व पतंगों के परागणता में योगदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला और इन प्रजातियाँ पर संस्थान द्वारा किए गए शोध कार्यों को प्रतिभागियों से सांझा किया।
डॉ0 संदीप शर्मा, वैज्ञानिक (सेवानिवृत), हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान शिमला ने महत्वपूर्ण शीत मस्स्थलीय प्रजाति जूनिपर (शुक्पा) जबकि डॉ. शर्मा ने शीत मस्स्थलीय परिदृश्यों के सामाजिक, धार्मिक और पारिस्थितिक संदर्भों में शुक्पा के महत्व पर भी प्रकाश डाला और इस प्रजाति में बीज की निष्क्रियता को तोड़ने के लिए किए गए अपने शोध कार्य को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि शुक्पा का अत्याधिक महत्व है और उच्च ऊंचाई वाले शुष्क क्षेत्रों के लिए इसकी कई गुना उपयोगिता है और इस प्रजाति का प्राकृतिक पुनर्जनन बहुत कम है। उन्होंने प्रतिभागियों को समुदाय के लाभ और नाजुक पर्यावरण के संरक्षण के लिए इस प्रजाति को लगाने के लिए प्रोत्साहित किया।
संस्थान के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी दुष्यंत कुमार ने शीत मरुस्थल की विभिन्न प्रजातियों की नर्सरी पद्धतियों के बारे में जानकारी दी तथा लोगों की आवश्यकताओं को पूरा करने में उनकी उपयोगिता पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि शीत मरुस्थल की अनूठी पारिस्थितिकी व्यवस्था में सामान्य दृष्टिकोण काम नहीं करेगा तथा वनस्पति आवरण को बढ़ाने के लिए और ठोस प्रयास किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, ताबो में वृक्षारोपण प्रदर्शन, सैलिक्स, पॉपलर, जूनिपर, एलेग्नस् आदि विभिन्न प्रजातियों के विकास को प्रदर्शित कर प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की गई तथा प्रतिभागियों और वक्ताओं के मध्य ठंडे रेगिस्तानों से संबंधित विभिन्न पारिस्थितिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
प्रतिभागियों ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित करने का आग्रह किया।
-0-
Kullu, Kullu | Nov 15, 2026