देवप्रयाग के मेधावी बच्चे भारत दर्शन कार्यक्रम के लिए रवाना
देवप्रयाग। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राएं भारत दर्शन कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। यह पहल क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी की ओर से की जा रही है, जिसके तहत हर वर्ष क्षेत्र के मेधावी बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण पर देश के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया जाता है।
भारत दर्शन कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को देश की विविधता, संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली विरासत से रूबरू कराना है। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को विभिन्न राज्यों के प्रमुख दर्शनीय एवं ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
विधायक विनोद कंडारी की इस पहल के तहत मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ देश-दर्शन और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चों के भारत दर्शन के लिए रवाना होने पर अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने भी खुशी जताई।