स्टाइपेंड की मांग को लेकर पैरामेडिकल छात्रों का धरना, श्रीकोट बेस अस्पताल के बाहर प्रदर्शन
श्रीनगर। स्टाइपेंड की मांग को लेकर पैरामेडिकल छात्रों ने बुधवार को श्रीकोट स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया। छात्रों ने “Allied Health Care Strike” के पोस्टर लगाकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
धरने पर बैठे छात्रों का कहना है कि अस्पताल में प्रशिक्षण के दौरान वे मरीजों की देखभाल और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनका दावा है कि उनसे एमबीबीएस इंटर्न के समान कार्य लिया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है।
छात्रों ने कहा कि पैरामेडिकल विद्यार्थियों को भी उनके प्रशिक्षण एवं कार्य के अनुरूप उचित स्टाइपेंड दिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। छात्रों के धरने के चलते अस्पताल परिसर के बाहर कुछ समय तक प्रदर्शन का माहौल बना रहा।