चम्पत पिपरिया के पास कंटेनर और आयशर ट्रक की भिड़ंत, चालक का पैर फ्रैक्चर; जबलपुर रेफर
क्रासिंग के दौरान रौंग साइड मोड़ने की वजह से हुआ हादसा, बीडियो आया सामने
दमोह। देहात थाना क्षेत्र की नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत चम्पत पिपरिया के पास उमरी में शुक्रवार शाम को कंटेनर और आयशर ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में उत्तर प्रदेश के ओरछा निवासी ट्रक चालक राजीव पिता रामदास यादव (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी की मदद से उन्हें डायल 112 से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक HR 38 AG 1798 नरसिंहगढ़ की ओर से और HR 38 AH 5081 दमोह की ओर से आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक चालक केबिन में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
छतरपुर से दमोह-जबलपुर की ओर जा रहे ट्रक चालक आवेद खान ने बताया कि क्रॉसिंग के दौरान दमोह से छतरपुर की ओर जा रहे ट्रक के रॉन्ग साइड मुड़ने से दोनों वाहनों की भिड़ंत हुई। घायल चालक के नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जिला अस्पताल में उपचार कर रहे डॉक्टर बहादुर सिंह ठाकुर ने बताया कि घायल राजीव यादव के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है और पैर फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया जा रहा है। उधर, नरसिंहगढ़ चौकी पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराने की कार्रवाई शुरू की।
Damoh, Damoh | Oct 30, 2026