कांटाफोड़ का 42 वर्षीय व्यक्ति अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार
देवास। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बरामद हथियार और कारतूस की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार 300 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर उज्जैन हाईवे की ओर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम नवाब पिता रमजान खान, उम्र 42 वर्ष, निवासी कांटाफोड़ बताया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 बोर की एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध हथियार रखने और उनकी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रीति कटारे के नेतृत्व में उप निरीक्षक राकेश सिंह, गोपाल चौधरी, शुभम व्यास, आरके शर्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।