खणी के डुंडारड़ा में धूमधाम से रचाया गया तुलसी-शालिग्राम विवाह, भगवान की बारात देखने उमड़ा जनसैलाब।
चौरासी मंदिर से बैंड-बाजे के साथ निकली भगवान शालिग्राम की बारात, गद्दी संस्कृति की पारंपरिक रस्मों के बीच लंबरदार परिवार ने किया कन्यादान
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
भरमौर उपमंडल की खनी पंचायत के डुंडारड़ा गांव में शुक्रवार को आस्था, श्रद्धा और गद्दी संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां सदियों पुरानी धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप माता तुलसी और भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अनूठे धार्मिक आयोजन को देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में लोग उमड़ पड़े।
विवाह समारोह के लिए भरमौर स्थित ऐतिहासिक चौरासी मंदिर परिसर के नरसिंह भगवान मंदिर से शुक्रवार को भगवान शालिग्राम की बारात पालकी में बैंड-बाजे के साथ रवाना हुई। बारात गरिमा गांव से होते हुए डुंडारड़ा पहुंची। इस दौरान चौरासी मंदिर परिसर के करीब 20 पुजारियों ने बाराती के रूप में भाग लिया। गांव पहुंचने पर बारात का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में लंबरदार परिवार की चम्पा ठाकुर ने माता तुलसी का विधिवत कन्यादान किया। उनके बेटे संजय ठाकुर ने भाई, अनिता कुमारी ने बहन और लता देवी ने भाभी की रस्म निभाई। विवाह के दौरान गद्दी समुदाय की पारंपरिक विवाह परंपराओं का विशेष रूप से निर्वहन किया गया। माता तुलसी को मेहंदी लगाने, उबटन, स्नान, मंगलसूत्र धारण करवाने, जयमाला, कन्यादान, दान-दहेज की औपचारिकताओं और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच वेदी के फेरे करवाने सहित विवाह की सभी प्रमुख रस्में निभाई गईं। इसके बाद बेटी की विदाई की परंपरा भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई गई।
शनिवार सुबह बारातियों को पारंपरिक धाम परोसने के बाद माता तुलसी की विधिवत विदाई की गई। इस दौरान तुलसी माता के भाइयों ने उनकी डोली उठाई और भगवान शालिग्राम की पालकी के साथ उन्हें भरमौर स्थित चौरासी मंदिर परिसर के नरसिंह भगवान मंदिर तक पहुंचाया। प्रसिद्ध पंडित आत्मा दत्त शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह की सभी धार्मिक रस्में संपन्न करवाईं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वह भगवान शालिग्राम और माता तुलसी के विवाह संपन्न करवा चुके हैं, लेकिन भरमौर में इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए विशेष सौभाग्य की बात है।
दशकों बाद परिवार में फिर हुआ तुलसी विवाह
इस आयोजन की एक विशेष बात यह भी रही कि लंबरदार परिवार में कई दशक पहले भी तुलसी विवाह का आयोजन हुआ था। उस समय इसी परिवार की ब्राह्मणी गांव निवासी केसरो देवी ने माता तुलसी का विवाह करवाया था और भगवान शालिग्राम की बारात चंबा स्थित ऐतिहासिक लक्ष्मी नारायण मंदिर से पहुंची थी। वर्षों बाद परिवार में दोबारा इस परंपरा का निर्वहन होने से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
भगवान को दामाद के रूप में पाकर भावुक हुआ परिवार
भगवान शालिग्राम के दूल्हे के रूप में घर पहुंचने पर लंबरदार परिवार सहित ग्रामीणों में खुशी और श्रद्धा का माहौल रहा। आयोजन में शामिल लोगों ने कहा कि भगवान को दामाद के रूप में अपने घर में पधारते देखना उनके लिए केवल खुशी का अवसर ही नहीं, बल्कि बड़े सौभाग्य की बात है। चौरासी मंदिर के पुजारियों, बैंड-बाजे की टीम और विवाह में शामिल श्रद्धालुओं ने भी स्वयं को इस पवित्र आयोजन का हिस्सा बनने पर भाग्यशाली बताया। डुंडारड़ा में आयोजित इस विवाह समारोह ने एक बार फिर क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक विरासत और गद्दी समुदाय की अनूठी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत कर दिया।
Dharwala, Chamba | Nov 21, 2026