त्योहारों के मद्देनजर पंचकूला पुलिस अलर्ट, बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए व्यापारियों और मार्केट एसोसिएशनों के साथ बढ़ाया तालमेल, दुकानदारों को दिया सुरक्षा का भरोसा
थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज खुद बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों से कर रहे संवाद, राइडर व पुलिस की अन्य इकाइयों की बढ़ाई गई तैनाती, लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश
पंचकूला/ 30 अक्टूबर:- त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ती रौनक और लोगों की आवाजाही को देखते हुए पंचकूला पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंचकूला पुलिस की टीमें विभिन्न बाजारों में पहुंचकर स्थानीय मार्केट एसोसिएशनों, व्यापारियों और दुकानदारों के साथ बैठक एवं संवाद कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा मिठाई विक्रेताओं, वैध पटाखा विक्रेताओं, गिफ्ट शॉप संचालकों और ज्वेलर्स सहित अन्य व्यापारियों से सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा रही है तथा उन्हें हर परिस्थिति में पुलिस की तत्पर सहायता का भरोसा दिलाया जा रहा है।
बता दें कि पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बीते दिनों आयोजित बैठक में सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि वे स्वयं फील्ड में पहुंचकर स्थानीय लोगों, मार्केट एसोसिएशनों और दुकानदारों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें। बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ-साथ व्यापारियों की समस्याओं को सुनें और किसी भी प्रकार की असुविधा या सुरक्षा संबंधी समस्या का तुरंत समाधान सुनिश्चित करें।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर पंचकूला पुलिस की टीमें लगातार फील्ड में मुस्तैद हैं। बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ-साथ राइडर और अन्य पुलिस इकाइयों की तैनाती भी बढ़ाई गई है। बाजारों में नियमित रूप से पेट्रोलिंग की जा रही है, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके और आमजन व व्यापारियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके। पुलिस टीमों द्वारा दुकानदारों के साथ संपर्क नंबर भी साझा किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सके।
इस दौरान बाजारों में पहुंचे थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्ज ने व्यापारियों एवं दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। दुकानदारों ने पुलिस द्वारा बाजारों में पहुंचकर सीधे संवाद करने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
डीसीपी पंचकूला ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ अधिक रहने के कारण यातायात जाम की स्थिति से बचने के लिए जहां संभव हो, दुपहिया वाहनों का प्रयोग करें तथा अपने वाहन निर्धारित एवं वैध पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामान्य स्थिति दिखाई देने पर तुरंत डायल 112, आसपास मौजूद पुलिसकर्मी अथवा अपने स्थानीय थाना प्रभारी या चौकी इंचार्ज को सूचित करें। पंचकूला पुलिस आमजन की सुरक्षा और शांतिपूर्ण त्योहार सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।