पूर्व विधायक आरडी प्रजापति की कार से बाइक की टक्कर, बीच सड़क पर ₹500 को लेकर मचा हंगामा, शराबी ने भी किया हाथ साफ--
छतरपुर। शहर के बस स्टैंड के समीप उस समय अजीबोगरीब स्थिति निर्मित हो गई, जब पूर्व विधायक आरडी प्रजापति की कार और एक मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक को आर्थिक सहायता देने के लिए पूर्व विधायक ने अपनी जेब से 500 रुपये निकालकर देने चाहे, लेकिन इसी बीच एक शराबी ने रुपये लेकर भागने की कोशिश कर दी।
जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक आरडी प्रजापति अपनी कार से नौगांव रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। बाइक चालक भागवत सिंह के गिरने पर आरडी प्रजापति ने मानवीयता दिखाते हुए उसे 500 रुपये देने का प्रयास किया। तभी मौके पर मौजूद विष्णु नामक एक शराबी ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए 500 रुपये अपने हाथ में ले लिए और बाइक चालक को केवल 100 रुपये थमा दिए।
जब स्थानीय लोगों को इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई तो उन्होंने विष्णु को पकड़कर पूछताछ की। इसके बाद काफी देर तक रुपये को लेकर बहस होती रही और अंततः पूर्व विधायक के शेष रुपये बाइक चालक तक पहुंच सके।
करीब 8 से 10 मिनट तक बीच सड़क पर यह पूरा घटनाक्रम चलता रहा, जिससे पीछे वाहनों की कतार लग गई और जाम जैसी स्थिति बन गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि बाइक चालक को कोई चोट नहीं आई और न ही मोटरसाइकिल को कोई खास नुकसान हुआ। इसके बाद पूर्व विधायक अपने वाहन से रवाना हो गए, तब जाकर सड़क पर स्थिति सामान्य हुई। वहीं मौके पर मौजूद शराबियों के बीच रुपये को लेकर बहस जारी रही।
एक छोटी सी टक्कर, 500 रुपये की मदद और बीच सड़क पर शराबी का कथित खेल—कुछ मिनटों के इस घटनाक्रम ने राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।