🎡 जल विहार मेले में झूलों का खेल निराला! नियम-कायदे गए तेल लेने, जिम्मेदारी लेने वाला आखिर है कौन?
छतरपुर | जल विहार मेले में मनोरंजन के नाम पर बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ आखिर यह कैसा खिलवाड़ किया जा रहा है? झूले चल रहे हैं, बच्चे झूल रहे हैं, भीड़ उमड़ रही है, लेकिन सवाल यह है कि इन झूलों को चलाने की अनुमति कहां है?
जानकारी के अनुसार, झूला संचालकों के पास न तो वर्क ऑर्डर है, न फिटनेस प्रमाण पत्र और न ही जरूरी दस्तावेज होने की बात सामने आ रही है। यानी झूले तो पूरे जोश से चल रहे हैं, लेकिन कागजों में इनकी वैधता का पता नहीं!
हैरानी की बात तो यह है कि बच्चों की रेलगाड़ी वाला झूला खुले में लटकते बिजली के तारों के बीच संचालित होता नजर आ रहा है। मेले में बच्चों और परिवारों की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में अगर कोई बच्चा या नागरिक बिजली के करंट की चपेट में आ गया तो क्या होगा?
क्या नगर पालिका किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इन झूलों पर नहीं पड़ रही, या फिर सब कुछ देखकर भी आंखें बंद कर ली गई हैं?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर हादसा हुआ तो जिम्मेदारी कौन लेगा?
झूला मालिक कहेगा कि अनुमति नगर पालिका ने दी थी और नगर पालिका क्या कहेगी कि झूला संचालक की जिम्मेदारी थी?
आखिर बच्चों की जान की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है?
मेले में झूले चलाने के लिए नियम और सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं या सिर्फ टिकट काटकर कमाई करना ही मकसद रह गया है?
नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल है—
पहले झूलों के वर्क ऑर्डर, फिटनेस और सुरक्षा दस्तावेज सार्वजनिक करिए, बिजली के खुले तारों को सुरक्षित कराइए और जांच होने तक असुरक्षित झूलों पर रोक लगाइए।
क्योंकि मेला मनोरंजन के लिए लगता है, किसी बड़े हादसे की सुर्खियां बनने के लिए नहीं!