#Bahraich:- बहराइच की मिहिपुरवा चौकी इंचार्ज पर बड़ा आरोप,, परीक्षा देकर लौट रहे बाइक सवार भाइयों को पिकअप ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
परिजनों का पुलिस पर पांच हजार रुपये वसूलने का आरोप
बहराइच। मोतीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों को पिकअप ने टक्कर मार दी । हादसे में बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों लखीमपुर में पीईटी की परीक्षा देकर श्रावस्ती लौट रहे थे। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस पर शव को घटनास्थल से थाने तक लाने के बदले पांच हजार रुपये लेने का गंभीर आरोप लगाया है।
श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के कोहलवा गांव निवासी अजीत शुक्ला अपने छोटे भाई भूधर शुक्ला के साथ शुक्रवार सुबह पांच बजे बाइक से लखीमपुर में पीईटी की परीक्षा देने गए थे। शाम को दोनों परीक्षा देकर हेलमेट लगाए अपनी साइड से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मिहींपुरवा चौकी क्षेत्र में रस्तोगी ईंट भट्ठे के सामने तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों भाई सड़क पर अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। हादसे में अजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूधर गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
घटना की सूचना पर देर रात करीब 11 बजे श्रावस्ती से परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार की दोपहर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भाई संजय शुक्ला ने चौकी प्रभारी पर शव को घटनास्थल से लाने के एवज में रुपये मांगने का आरोप लगाया।
संजय के मुताबिक, नकदी न होने पर उन्होंने एक हजार रुपये नकद और चार हजार रुपये ऑनलाइन दिये ।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रमीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने परिजनों के आरोपों की जांच की बात कही हैं।
Mahasi, Bahraich | Oct 31, 2026