मोबाइल पर गेम खेलने की जिद... पिता की नाराजगी... और फिर एक ऐसा खौफनाक कदम, जिसने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। गुजरात के सूरत में गेम खेलने को लेकर हुए विवाद में एक बेटी पर अपने ही पिता की हत्या का आरोप लगा है। आरोप है कि मोबाइल फोन तोड़े जाने से नाराज बेटी ने पहले प्रेशर कुकर के ढक्कन से पिता के सिर पर वार किया और फिर चाकू से हमला कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया।
दरअसल, यह पूरा मामला सूरत के कोसाड इलाके का है। मृतक की पहचान रमेश चौहान के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटी का नाम काजल बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को रमेश काम से घर लौटे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी मंजू ने शिकायत की कि काजल मोबाइल पर गेम खेलने में व्यस्त रहती है और घर के कामों में हाथ नहीं बंटाती।
बताया जा रहा है कि रमेश ने बेटी से मोबाइल छोड़कर घर के कामों में मदद करने को कहा। लेकिन जब काजल ने बात नहीं मानी, तो पिता ने उसका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे फोन टूट गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल टूटने से नाराज काजल ने कथित तौर पर किचन से प्रेशर कुकर का ढक्कन उठाया और पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इसके बाद चाकू से भी हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पत्नी मंजू किचन में पहुंचीं, जहां रमेश खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंजू की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी काजल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इंस्पेक्टर जेबी वानर के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि रमेश चौहान काजल के सौतेले पिता थे। काजल के जैविक पिता की कुछ साल पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद उसकी मां ने रमेश चौहान से शादी की थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर मोबाइल और ऑनलाइन गेमिंग की लत, पारिवारिक संवाद और बच्चों के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#SuratMurderCase #GujaratCrimeNews #MobileGamingAddiction #OnlineGaming #FatherDaughterConflict #SuratCrime #CrimeNewsHindi #BreakingNews #FamilyTragedy #CitySpecialNews
Hardwar, Haridwar | Nov 7, 2026