भ्रष्टाचार के खिलाफ ग्रामीणों ने लिया संकल्प, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत गांव रसूलपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित
पीएनबी आरएसईटीआई यमुनानगर के निदेशक ने ग्रामीणों को सतर्कता, ईमानदारी एवं नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण योजनाओं की दी जानकारी
यमुनानगर, 1 नवंबर- सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर गांव रसूलपुर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (पीएनबी आरएसईटीआई), यमुनानगर के निदेशक रवि प्रकाश गोयल ने ग्रामीणों को सतर्कता, पारदर्शिता, ईमानदारी एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर निदेशक रवि प्रकाश गोयल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार केवल एक सामाजिक बुराई नहीं, बल्कि देश की प्रगति में बाधा भी है। इसे समाप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि सतर्कता जागरूकता का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचार के प्रति सचेत करना नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना भी है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को पीएनबी आरएसईटीआई, यमुनानगर द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारपरक एवं स्वरोजगार से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान में ग्रामीण युवक-युवतियों एवं महिलाओं को विभिन्न व्यवसायों में कौशल प्रशिक्षण पूर्णत: नि:शुल्क प्रदान किया जाता है, ताकि वे प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें तथा आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने परिवार एवं आसपास के युवाओं को इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित करें और स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनें।
कार्यक्रम के अंत में गांव के लोगों ने सामूहिक रूप से भ्रष्टाचार के विरुद्ध शपथ ली तथा ईमानदारी, सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाते हुए भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम ने ग्रामीणों में सामाजिक जिम्मेदारी, सतर्कता एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Nov 2, 2026