आस्था, श्रद्धा और लोक संस्कृति का पावन पर्व — छठ महापर्व
लोक आस्था, श्रद्धा, सूर्य उपासना एवं सामाजिक समरसता के पावन पर्व छठ महापर्व के अवसर पर हरियाणा के शिक्षामंत्री श्री महीपाल ढांडा ने पानीपत में विभिन्न स्थानों पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में पहुँचकर श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद किया तथा सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा ने सेक्टर-18 ड्रेन नंबर-2, असंध रोड तथा NFL के पास नहर पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में पहुँचकर श्रद्धालुओं के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने छठी मैया एवं सूर्यदेव की आराधना कर प्रदेशवासियों एवं पानीपतवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।
महीपाल ढांडा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना के माध्यम से मानव जीवन में अनुशासन, पवित्रता, संयम और सेवा भावना का संदेश देता है। छठ पूजा में उगते और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति और जीवनदायिनी शक्तियों के प्रति हमारी श्रद्धा को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करने वाला पर्व भी है। इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों के लोग एकजुट होकर पूजा-अर्चना करते हैं और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देते हैं।
शिक्षामंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और लोक पर्वों को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छठ पूजा के आयोजनों में श्रद्धालुओं द्वारा निभाई जा रही परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने छठी मैया एवं सूर्यदेव से प्रार्थना की कि प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का वास हो। सभी के जीवन में खुशहाली आए तथा प्रत्येक परिवार पर छठी मैया की कृपा सदैव बनी रहे। उन्होंने कामना की कि छठी मैया सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करें और प्रदेश को निरंतर प्रगति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ाएं।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और छठी मैया एवं सूर्यदेव की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।