*पंचायतीराज आम चुनाव-2026*
*चतुर्थ चरण के लिए 152 रिटर्निंग अधिकारियों को दिया निर्वाचन प्रक्रिया का प्रशिक्षण*
*नामांकन, संवीक्षा, चुनाव चिह्न आवंटन से लेकर बैलेट पेपर तैयार करने तक की दी जानकारी*
*सवाई माधोपुर, पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिले की शेष चार पंचायत समितियों सवाई माधोपुर, चौथ का बरवाड़ा, गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर में चतुर्थ चरण के निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह स्नातकोत्तर राजकीय महाविद्यालय में रिटर्निंग अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में 152 रिटर्निंग अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर निर्वाचन प्रक्रिया में नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने निर्वाचन कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी से संपन्न करने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सावधानी एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सरपंच, पंच एवं उपसरपंच पदों के निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी। अधिकारियों को बताया गया कि प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर मतदान दल के साथ एक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा सरपंच एवं पंच पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया पंचायत मुख्यालय पर बनाए गए मतदान केंद्र पर संपन्न होगी।
*नामांकन से लेकर मतपत्र तैयार करने तक की दी जानकारी*
प्रशिक्षण शिविर में रिटर्निंग अधिकारियों को नाम निर्देशन पत्र भरवाने, उनकी संवीक्षा, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन एवं बैलेट पेपर तैयार करने सहित मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन के दौरान आने वाली संभावित तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के बारे में भी बताया गया।
दक्ष प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की शंकाओं का समाधान किया तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों एवं प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया।