जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा; श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
छठ महापर्व, 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण को लेकर आज दिनांक 09.11.2026 को समाहरणालय स्थित माँ मुंडेश्वरी सभागार में जिला पदाधिकारी, कैमूर एवं पुलिस अधीक्षक, कैमूर की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, दोनों अनुमंडलों के पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में छठ महापर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु जिले के विभिन्न छठ घाटों पर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में बताया गया कि भभुआ अनुमंडल अंतर्गत कुल 100 तथा मोहनियां अनुमंडल अंतर्गत 74 छठ घाट चिह्नित किए गए हैं। इनमें कुल 147 घाट संवेदनशील श्रेणी में चिह्नित हैं।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी चिह्नित छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के दृष्टिकोण से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित की जाएं। सभी घाटों का भौतिक निरीक्षण कर खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित किया जाए। आवश्यकता के अनुसार मजबूत बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा संकेतक लगाए जाएं। विशेष रूप से संवेदनशील घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश:
1. घाटों की सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन: सभी छठ घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों, आवश्यकतानुसार नावों एवं अन्य बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। गहरे पानी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। डूबने जैसी दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाएं।
2. अग्निशमन व्यवस्था: जिला अग्निशमन पदाधिकारी को सभी आवश्यक अग्निशमन उपकरणों एवं अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले घाटों पर अग्निशमन कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।
3. स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाएं: घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले मार्गों की समुचित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, पेयजल एवं अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को इस संबंध में विशेष निर्देश दिए गए।
4. प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था: कार्यपालक अभियंता, विद्युत को सभी छठ घाटों पर सुरक्षित एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को अर्घ्य के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
5. चिकित्सा व्यवस्था: प्रमुख एवं संवेदनशील घाटों पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
6. भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था: संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की आवाजाही एवं भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था संबंधी कार्ययोजना तैयार की जाए।
7. पुलिस गश्ती एवं निगरानी: सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने, संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया गया।
8. माइकिंग एवं जनजागरूकता: सभी घाटों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (Public Address System) के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार आवश्यक सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश एवं सूचनाएं प्रसारित की जाएं। इसके अतिरिक्त सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों के वाहनों में माइक एवं हूटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि क्षेत्र भ्रमण के दौरान आमजनों को आवश्यक सूचनाएं दी जा सकें।
9. घाट समितियों के साथ समन्वय: सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का नियमित अनुश्रवण करें तथा छठ घाट समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्वयंसेवकों की तैनाती, भीड़ प्रबंधन, प्रकाश, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
10. पेयजल व्यवस्था: कार्यपालक अभियंता, PHED को सभी आवश्यक पेयजल सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
11. सोशल मीडिया निगरानी: छठ महापर्व के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं, अफवाहों एवं भ्रामक खबरों पर सतत निगरानी रखी जाए। किसी भी भ्रामक अथवा भड़काऊ सूचना का त्वरित संज्ञान लेते हुए उसका खंडन एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आमजनों तक सही एवं आधिकारिक सूचनाओं का समयबद्ध प्रसार किया जाए।
12. सूचना एवं प्रचार-प्रसार: जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं कैमूर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सूचना, जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार संबंधी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है तथा इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यक्तिगत रूप से तैयारियों की निगरानी करें तथा विशेष रूप से संवेदनशील घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
जिला प्रशासन, कैमूर द्वारा छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बैठक में संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, दोनों अनुमंडलों के पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।