यूपी: मोबाइल पर बातचीत बंद होने से नाराज प्रेमिका बीच सड़क पर प्रेमी के ट्रक के आगे लेटी, फिर हुआ ये सब
गुस्साई प्रेमिका ने बीच सड़क पर हंगामा किया। प्रेमी के ट्रक के आगे लेट गई, जिससे जाम लग गया। पुलिस के समझाने पर चली गई।
ट्रक चालक प्रेमी से मोबाइल पर बातचीत बंद होने से गुस्साई प्रेमिका ने गुरुवार की शाम करीब पांच बजे पुराने जीटी रोड स्थित ककवन रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रक लेकर जाकर प्रेमी को रोक लिया और ट्रक के आगे लेट गई। प्रेमी-प्रेमिका के इस विवाद से करीब आधा घंटे तक 500 मीटर लंबा जाम लगा रहा। प्रेमिका की बुआ और राहगीरों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। पिकेट पुलिस के काफी समझाने पर शांत हुई। इसके बाद नगर पालिका की ओर चली गई।
एक गांव निवासी ट्रक चालक का एक युवती से प्रेम संबंध था। कुछ दिनों से मोबाइल पर प्रेमिका से बातचीत नहीं हो रही थी। दिवाली के त्योहार पर ट्रक चालक युवक घर आया था। गुरुवार की शाम करीब पांच बजे वह ट्रक लेकर जा रहा था। तभी पुराने जीटी रोड पर ककवन रेलवे क्रॉसिंग के पास प्रेमिका ने उसे रोक लिया। ट्रक के आगे लेटकर चालक प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाने लगी। चीख-चीख कर कहती रही कि उसके ऊपर से ट्रक चढ़ाकर ही वह आगे जाएगा। जाम लगता देख ट्रक धीरे-धीरे आगे बढ़ता रहा।
नेहरू पार्क चौराहे पर युवती ट्रक पर चढ़कर चालक प्रेमी को नीचे उतारने का प्रयास करने और शादी करने का दबाव बनाने लगी। जब वह नहीं उतरा तो वह ट्रक के सामने पुरानी जीटी रोड पर लेट गई। करीब 30 मिनट के वाद-विवाद के बाद मौके पर पहुंची पिकेट पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसके बाद युवती एक महिला के संग नगर पालिका की ओर चली गई। उधर, कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी मिली है। युवती और ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है।
आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar