पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में लगभग 100 नवआरक्षकों को दिया सीपीआर का प्रशिक्षण
सीआईएमएस के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. पटेल ने डमी के माध्यम से सिखाई जीवनरक्षक तकनीक
===========================
पुलिस ट्रेनिंग स्कूल, 8वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, छिंदवाड़ा में आज नवआरक्षकों को आपातकालीन चिकित्सा परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्रदान करने में सक्षम बनाने के उद्देश्य से सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेनानी 8वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल श्रीमती निवेदिता गुप्ता (भारतीय पुलिस सेवा) के मार्गदर्शन एवं उप सेनानी श्री अरुण कश्यप के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सीआईएमएस) का सहयोग रहा।
कार्यक्रम में सीआईएमएस के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. अश्विन कुमार पटेल उपस्थित थे। उन्होंने प्रशिक्षणरत लगभग 100 नवआरक्षकों को सीपीआर की आवश्यकता, उद्देश्य, सही प्रक्रिया एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। डॉ. पटेल ने बताया कि किसी व्यक्ति को अचानक हृदयाघात होने, सांस बंद होने अथवा हृदय गति रुकने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सीपीआर जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
प्रशिक्षण की विशेषता यह रही कि नवआरक्षकों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ सीपीआर का प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया। डमी के माध्यम से प्रत्येक महत्वपूर्ण प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया तथा प्रशिक्षणार्थियों से स्वयं अभ्यास कराया गया। इस दौरान छाती पर दबाव देने की सही तकनीक, दबाव की गति और आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रिया समझाई गई।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के जवानों को सड़क दुर्घटनाओं, सार्वजनिक स्थलों अथवा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने के लिए दक्ष बनाना था, ताकि आपात स्थिति में वे त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर सकें।
इस अवसर पर सहायक सेनानी श्री गौरव पाटिल, सीडीआई श्री रविंद्र उइके, निरीक्षक श्री शकील अहमद, निरीक्षक श्री रामचंद्र धनगर, निरीक्षक श्री मनोज गोलिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अश्विन कुमार पटेल एवं छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
Chhindwara, Madhya Pradesh | Nov 21, 2026