प्रखंड स्तरीय गुरु गोष्ठी में शैक्षणिक व्यवस्था एवं विद्यालय संचालन को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश
टिकारी। प्रखंड स्तरीय गुरु गोष्ठी का आयोजन बुधवार, 19 अगस्त 2026 को स्थानीय टिकारी राज इंटर कॉलेज में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ. अभय रमण की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में उच्च माध्यमिक एवं मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, वरीय शिक्षक तथा अध्यक्ष/सचिव ने भाग लिया। इस दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं विभागीय निर्देशों के अनुपालन को लेकर विभिन्न एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मध्याह्न भोजन योजना के संचालन, गुणवत्ता एवं नियमितता पर विशेष चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा विद्यालय में फोटो सहित पदस्थापन विवरणी अद्यतन रखने तथा वर्ग संचालन को वर्ग-पंजी एवं निर्धारित रूटीन के अनुसार संचालित करने पर जोर दिया गया।
शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दर्ज करने का निर्देश दिया गया। साथ ही शिक्षकों की अनुपस्थिति विवरणी भी संबंधित पोर्टल पर नियमित रूप से दर्ज करने को कहा गया।
प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया कि यदि किसी कार्य से उन्हें प्रखंड अथवा जिला मुख्यालय जाना हो तो विद्यालय से निकलने से पूर्व आदेश पुस्तिका में नियमानुसार प्रविष्टि एवं प्रभार की व्यवस्था सुनिश्चित करें। किसी भी परिस्थिति में विद्यालय का कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।
बैठक में प्रत्येक विद्यालय में वर्ग शिक्षक नामित करने तथा नामित वर्ग शिक्षकों की सूची 24 घंटे के अंदर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा APAAR ID कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिक से अधिक विद्यार्थियों का APAAR कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ. अभय रमण ने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के साथ-साथ विभागीय पोर्टल पर सभी आवश्यक सूचनाओं की समय पर प्रविष्टि और सरकारी योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विद्यालय प्रधानों से निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की।