*12 सितंबर को जनपद न्यायालय में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, विधिक सहायता के लिए करें आवेदन*
*जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश दिनांक 12 अगस्त 2026*
बस्ती : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद न्यायालय बस्ती में *12 सितंबर 2026* को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।इस संबंध में तैयारियों और प्रचार-प्रसार के लिए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेन्द्र कुमार प्रथम ने मंगलवार को पराविधिक स्वयं सेवकों की बैठक आहूत की। बैठक में स्वयं सेवकों को निर्देशित किया गया कि वे आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों के बारे में जागरूक करें और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
बैठक में पराविधिक स्वयं सेवकों को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली के संबंध में भी प्रशिक्षित किया गया। बताया गया कि स्थायी लोक अदालत में सार्वजनिक उपयोगिता से संबंधित मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया जाता है।
चीफ, लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल कौशल किशोर श्रीवास्तव ने भी स्वयं सेवकों को राष्ट्रीय लोक अदालत और स्थायी लोक अदालत के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
सचिव देवेन्द्र कुमार प्रथम ने कहा कि लोक अदालत में सिविल, वैवाहिक, श्रम, विद्युत, पानी, टेलीफोन, बैंक और समझौता योग्य आपराधिक मामले आपसी सुलह से निपटाए जाएंगे। इससे लोगों को शीघ्र, निशुल्क और बिना अपील के न्याय मिलेगा।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 12, 2026