पारेवर में महात्मा कबीर जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई
संत कबीर के विचार वर्तमान में भी मानवता के लिए मार्गदर्शक - शिवदानराम राठौड़
जैसलमेर: मनोहर लाल राठौड़
जैसलमेर । सीमावर्ती जिले के पारेवर गाँव स्थित अंबेडकर भवन परिसर में डॉ. अम्बेडकर जन कल्याण एवं ग्राम विकास संस्था पारेवर के तत्वाधान में सोमवार को संत शिरोमणि महात्मा कबीर जी की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं सामाजिक समानता के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा कबीर साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं उपस्थित सभी प्रतिभागियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संरक्षक एवं भारत मुक्ति मोर्चा राजस्थान के प्रदेश प्रभारी शिवदानाराम राठौड़ ने महात्मा कबीर साहब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि कबीर साहब ने अपने जीवन भर सामाजिक कुरीतियों, जात-पात, पाखंड एवं अंधविश्वास का विरोध किया तथा मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में कबीर साहब के विचार समाज को नई दिशा देने के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। संस्था के कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज से अंधविश्वास, रूढ़िवादिता एवं सामाजिक बुराइयों को त्यागकर वैज्ञानिक सोच अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और विवेकपूर्ण सोच से ही समाज का वास्तविक विकास संभव है। कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष चांदनाराम ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा सभा समाप्ति की घोषणा की। इस अवसर पर संस्था के सचिव महेन्द्र कुमार, जीवनलाल, तेजाराम, प्रकाश राठौड़, अजय राठौड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।