कुल्लू: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिला कुल्लू भाजपा जनजातीय युवा मोर्चा की ओर से सप्ताहभर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय ढालपुर स्थित क्षेत्रीय अस्पताल में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मोर्चा के जिला अध्यक्ष भगवान दास नेगी ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को विशेष रूप से मनाने के लिए संगठन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पूरे सप्ताह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, बलिदान और देश के प्रति उनके अमूल्य योगदान को याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था और उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। नेगी ने आगे कहा कि भाजपा जनजातीय युवा मोर्चा का यह प्रयास रहेगा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को उनके विचारों से अवगत करवाया जाए तथा जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को आगे बढ़ाया जाए।
Kullu, Kullu | Nov 17, 2026